जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक रक्षाबंधन का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर सुबह से ही घरों में खुशी का माहौल रहा। बहनों ने भाइयों को तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर उनकी कलाई पर राखी बांधी तथा लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, भाइयों ने भी अपनी सामथ्र्य के अनुसार बहनों को उपहार भेंट कर जीवन भर उनकी रक्षा करने का वचन दिया।

पर्व को लेकर मिठाई और राखी की दुकानों पर दोपहर तक लोगों की भीड़ जुटी रही। बहनों ने भाइयों के लिए अलग-अलग डिजाइन की राखियों और मिठाइयों की खरीदारी की। बाजारों में रक्षाबंधन को लेकर खास चहल-पहल देखने को मिली। बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घ जीवन की कामना की। भाइयों ने बहनों को आजीवन उनकी रक्षा करने का वचन दिया। बहनों और भाईयों का एक-दूसरे के घर आने जाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था जो देर शाम तक चला। जिला मुख्यालय सहित श्रीनगर, पाबौ, थलीसैंण, पोखड़ा, बीरोंखाल, सतपुली सहित अन्य स्थानों में रक्षाबंधन पर्व धूमधाम से मनाया गया।