जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रोटरी क्लब कोटद्वार के तत्वावधान में नेत्रदान एवं अंगदान पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के प्रथम चरण में नगर क्षेत्र के 10 प्रमुख स्थानों पर नेत्रदान एवं अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाले बैनर लगाए गए।

बद्रीनाथ मार्ग स्थित डॉ. विजय मैठाणी क्लीनिक में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब अध्यक्ष रो. प्रतिभा गुप्ता ने किया। उन्होंने नेत्रदान एवं शरीर के विभिन्न अंगों के दान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अंगदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है, जबकि नेत्रदान किसी दृष्टिहीन व्यक्ति के जीवन में रोशनी ला सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से इस पुनीत कार्य के लिए आगे आने का आह्वान किया। नेत्रदान-अंगदान जागरूकता अभियान के निदेशक रो. विपिन बक्शी ने कहा कि अंगदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में सेमिनार और रैलियों के माध्यम से हजारों स्थानीय नागरिकों को अंगदान एवं नेत्रदान के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य अंगदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करना तथा लोगों को इस महादान के लिए प्रेरित कर सकारात्मक बदलाव लाना है। कार्यक्रम के चेयरमैन रो. अनिल कुमार भोला ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेकर उपस्थित लोगों के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। अभियान के निदेशक रो. डॉ. विजय मैठाणी एवं रो. विपिन बक्शी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि इस अभियान के वास्तविक लाभार्थी वे दृष्टिहीन लोग हैं, जिन्हें कॉर्निया प्रत्यारोपण के माध्यम से दुनिया देखने का अवसर मिल सकता है। वहीं गंभीर रूप से बीमार वे मरीज भी इससे लाभान्वित हो सकते हैं, जो अंग प्रत्यारोपण की प्रतीक्षा में जीवन-मृत्यु से संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाज का प्रत्येक जागरूक नागरिक इंसानियत के नाते इस महाअभियान का हिस्सा बन सकता है। रोटरी क्लब ने सभी नागरिकों से नेत्रदान एवं अंगदान का संकल्प लेकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस अवसर पर रोटरी क्लब सचिव बीना रावत, रो. विपिन बक्शी, रो. डॉ. विजय मैठाणी, रो. अनीत चावला, रो. अनिल कुमार भोला, रो. गोपाल बंसल, रो. श्रीमती ऊषा अग्रवाल, रो. डी.पी. सिंह, रो. संजीव अग्रवाल, रो. मनीष अग्रवाल, रो. विजय कुमार माहेश्वरी सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। जानकारी प्रवक्ता गोपाल बंसल ने दी।