पांच सितंबर को कोटद्वार से निकलेगी देवभूमि खेल चेतना यात्रा

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पर्वतीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से देवभूमि खेल चेतना यात्रा का दूसरा चरण पांच सितंबर से कोटद्वार से शुरू होगा। खेल जगत फाउंडेशन की पहल पर आयोजित यह यात्रा खेल विभाग, युवा कल्याण विभाग और पर्यटन विभाग के सहयोग से निकाली जाएगी। गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों से गुजरने के बाद यात्रा 17 सितंबर को देहरादून में संपन्न होगी।


खेल जगत फाउंडेशन के संस्थापक एवं यात्रा संयोजक रतन गुप्ता ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पहाड़ी क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ ही पलायन, नशे जैसी सामाजिक समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसके अलावा लोक संस्कृति और पर्यटन के संरक्षण तथा अधिक से अधिक युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने पर भी जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान पर्वतीय क्षेत्रों के दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर युवाओं और आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की खेल तथा युवा कल्याण से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ खेल के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। रतन गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2022 में देवभूमि खेल चेतना यात्रा का आयोजन उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों में किया गया था। अब वर्ष 2026 में अभियान के दूसरे चरण को पहले से अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। यात्रा के माध्यम से खेल प्रतिभाओं को मंच देने और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *