पीएचडी प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय (एचएनबीजीयू) की ओर से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए 12 जुलाई को आयोजित पीएचडी प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार परीक्षा परिणाम विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। ऐसे में सफल अभ्यर्थियों की प्रवेश संबंधी आगामी औपचारिकताएं संबंधित शैक्षणिक विभागों की ओर से पूरी कराई जाएंगी। प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी की ओर से बताया गया कि इस वर्ष पीएचडी प्रवेश परीक्षा में पहली बार कार्बनलेस ओएमआर शीट का प्रयोग किया गया। इसके तहत प्रत्येक अभ्यर्थी को अपनी ओएमआर शीट की कार्बन प्रति साथ ले जाने की सुविधा दी गई जिससे वे विवि की ओर से जारी उत्तर कुंजी के आधार पर अपने प्राप्तांकों का स्वयं सत्यापन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विवि ने पूर्व निर्गत पीएचडी प्रवेश अधिसूचनाओं के अनुसार राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट), ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (गेट), ग्रेजुएट फार्मेसी एप्टीट्यूड टेस्ट (जीपैट), कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन फॉर डिजाइन (सीड), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर नेट), डीएसटी इंस्पायर फेलोशिप के वैध प्रमाणपत्र के आधार पर प्रवेश परीक्षा से छूट के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को भी संबंधित विभाग साक्षात्कार के लिए आमंत्रित करेंगे। इन अभ्यर्थियों का चयन विश्वविद्यालय के नियमों, यूजीसी विनियमों और जारी अधिसूचना के अनुसार किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी ने सभी अभ्यर्थियों से प्रवेश, दस्तावेज सत्यापन, साक्षात्कार और अन्य औपचारिकताओं से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए विवि की आधिकारिक वेबसाइट एचएनबीजीयू.एसी.इन और संबंधित विभागों से नियमित संपर्क बनाएं रखने की अपील की है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *