कोटद्वार : गढ़ श्री रामलीला कमेटी की बैठक में पुरानी कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। सर्वसम्मति से दिनेश जुयाल को कमेटी का अध्यक्ष चुना गया। बैठक में आगामी छ: अक्टूबर से रामलीला मंचन शुरू करने का निर्णय लिया गया।

रामलीला मंचन को सफल बनाने के लिए गठित नई कार्यकारिणी में दिनेश जुयाल को अध्यक्ष, सुशील काला को कार्यकारी अध्यक्ष, संदीप नैनवाल को उपाध्यक्ष, चंद्रमोहन बिष्ट को कोषाध्यक्ष, रोहित अग्रवाल को महामंत्री और संजय नेगी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा जानकी प्रसाद द्विवेदी, शशि अमोली, ओमप्रकाश कंडवाल और विजय रावत को संरक्षक बनाया गया है। रामलीला के मंच संचालन की जिम्मेदारी आशा राम और संगीता गुप्ता को दी गई। कार्यकारिणी में संतोष बिष्ट, संजय ममगाईं, मदन नेगी, गौरव कश्यप और करम चंद्र को सदस्य बनाया गया है। बैठक में पदाधिकारियों ने रामलीला मंचन को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्णय लिया।