पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, बस चालक समेत दो की मौत; 32 यात्री घायल

Spread the love

आजमगढ़ , जनपद के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रोडवेज बस चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 32 यात्री घायल हो गए। हादसा पवई थाना क्षेत्र में माइलस्टोन संख्या 191 के पास हुआ। घायलों को तत्काल मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, परिवहन निगम की बस करीब 76 यात्रियों को लेकर लखनऊ से बलिया के बेल्थरा रोड के लिए रवाना हुई थी। रात करीब एक बजे बस पवई क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही पशुओं से लदी पिकअप से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बस चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस अनियंत्रित होकर गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में बस चालक रजनीकांत यादव (35) की मौत हो गई। वह मऊ जिले के निवासी बताए गए हैं। वहीं एक महिला यात्री ने भी दम तोड़ दिया, जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने में जुटी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी रविंद्र कुमार, रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार बाजपेई, एडीएम प्रशासन नवीन चावला और एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद अस्पताल पहुंचकर घायलों के उपचार की जानकारी ली और चिकित्सकों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि बस में कुल 76 यात्री सवार थे, जिनमें 34 लोग हादसे में घायल हुए हैं। कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की स्थिति गंभीर बताई गई है। अधिकांश घायल मऊ और बलिया जिले के रहने वाले हैं।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह पशुओं से लदी पिकअप के चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस पिकअप वाहन के मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है। उनकी पहचान होने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *