महिला हॉकी विश्व कप : नीदरलैंड्स और अर्जेंटीना के बीच होगा फाइनल मुकाबला, खिताब का बचाव करने से एक कदम दूर डच टीम

Spread the love

एम्स्टर्डम नीदरलैंड्स (डच) और अर्जेंटीना शनिवार को एफआईएच महिला हॉकी वर्ल्ड कप के फाइनल में भिड़ेंगी। दोनों टीमों ने सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले के बाद जीत हासिल की है। यह 2022 के विश्व कप फाइनल का रीमैच होगा, जिसमें नीदरलैंड्स ने बाजी मारी थी। मेजबान नीदरलैंड्स ने पहले सेमीफाइनल में सह-मेजबान बेल्जियम को 1-0 से हराया, जबकि गुरुवार रात दूसरे सेमीफाइनल में अर्जेंटीना ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से मात दी। एम्स्टर्डम में तीन बार की डिफेंडिंग चैंपियन नीदरलैंड्स के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में बेल्जियम को कमजोर माना जा रहा था। हालांकि, उन्होंने जबरदस्त शुरुआत की और पहले क्वार्टर में नीदरलैंड्स टीम को कड़ी टक्कर दी। हाफ-टाइम से ठीक पहले घरेलू टीम ने काउंटर-अटैक करते हुए बढ़त बनाई। 28वें मिनट में शानदार बिल्ड-अप के बाद फ्रेडरिक माटला ने एक हाथ से डिफ्लेक्शन करके अपनी टीम को बढ़त दिलाई। हाफ खत्म होने में 9 सेकंड बाकी रहते बेल्जियम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वे बराबरी करने का मौका नहीं भुना पाए।
मैच का दूसरा हाफ भी काफी रोमांचक रहा। समय खत्म होने से ठीक पहले बेल्जियम को लगा कि उसने बराबरी का गोल कर दिया है। 18 वर्षीय फामके वैन हील ने शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोल में पहुंचा दिया। हालांकि, वीडियो रिव्यू के बाद इस गोल को रद्द कर दिया गया। इससे नीदरलैंड्स के खिलाड़ियों और दर्शकों ने राहत की सांस ली। इसके साथ ही नीदरलैंड्स ने लगातार आठवीं बार वर्ल्ड कप फाइनल में अपनी जगह बना ली है।
दूसरे सेमीफाइनल का पहला हाफ काफी कड़ा और संतुलित रहा। दोनों टीमों को ज्यादा मौके नहीं मिले। अर्जेंटीना और ऑस्ट्रेलिया ने पांच-पांच बार विरोधी टीम के सर्कल में प्रवेश किया और दोनों को एक-एक पेनल्टी कॉर्नर भी मिला। तीसरे क्वार्टर में अर्जेंटीना ने ज्यादा आक्रामक खेल दिखाया और कई बार गोल करने की कोशिश की, लेकिन टीम बढ़त हासिल नहीं कर सकी। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलिया को भी एक शानदार मौका मिला, लेकिन अर्जेंटीना की गोलकीपर क्रिस्टीना कोसेंटिनो ने बेहतरीन बचाव करते हुए गोल नहीं होने दिया।
आखिरकार लास लियोनास (अर्जेंटीना टीम) को पेनल्टी कॉर्नर वेरिएशन से सफलता मिली, जब 47वें मिनट में जूलिएटा जंकुनास ने गोल किया। इससे दर्शकों में मौजूद अर्जेंटीना के समर्थक जोश से भर गए – और उनके लिए जश्न मनाने का एक और मौका तब आया जब कोसेंटिनो ने आखिरी समय के बीच में ऑस्ट्रेलिया के दो पेनल्टी कॉर्नर प्रयासों को रोक दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *