जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रधानाचार्य पदों पर पदोन्नति समेत शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उत्तराखंड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा सचिव ज्योति यादव से मुलाकात की। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों की कई समस्याओं को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाई है।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मिश्रा और प्रदेश महामंत्री डा. महावीर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में शिक्षा सचिव से मिले प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विद्यालयों में लंबे समय से प्रधानाचार्य के पद रिक्त हैं। पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाकर इन पदों को भरे जाने से विद्यालयी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। संघ ने तदर्थ शिक्षकों के विनियमितीकरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग भी उठाई। इसके अलावा 10 हजार मानदेय पर कार्यरत शिक्षकों को तदर्थ नियुक्ति देने तथा तदर्थ सेवा का लाभ चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान में दिए जाने की मांग रखी गई। शिक्षा सचिव ने शिक्षक संघ की ओर से रखी गई समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आश्वासन दिया। संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि लंबे समय से लंबित मामलों में जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। इस दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष अजय बिष्ट, प्रकाश टाकुली, गिरीश कोरंगा, नकुल रावत, अवधेश सेमवाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।