जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुकान की आड़ में चरस तस्करी करने के आरोप में कोटद्वार पुलिस ने 66 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 424 ग्राम चरस बरामद करने का दावा किया है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को मानपुर क्षेत्र में एक दुकानदार द्वारा दुकान की आड़ में नशे का कारोबार किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दुकान की जांच की। पूछताछ के दौरान दुकानदार संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस ने दुकान और आरोपित की तलाशी ली, जिसमें 424 ग्राम चरस बरामद हुई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि आरोपी की पहचान जानकी प्रसाद (66), निवासी मानपुर, कोटद्वार के रूप में हुई है। चरस बरामद होने के बाद आरोपित को हिरासत में लेकर कोतवाली लाया गया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आमजन से नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग करने और नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।