पुरानी पेंशन सहित 12 सूत्रीय मांगों को लेकर 25 सितंबर को पौड़ी में जुटेंगे कार्मिक

Spread the love

जिलाध्यक्ष सीताराम पोखरियाल की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की सामूहिक बैठक संपन्न
जयन्त प्रतिनिधि।
श्रीनगर गढ़वाल : उत्तराखंड फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन, जनपद पौड़ी के जिलाध्यक्ष सीताराम पोखरियाल की अध्यक्षता में श्रीनगर क्षेत्र के विभिन्न विभागों के मिनिस्टीरियल कार्मिकों एवं पदाधिकारियों की सामूहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 25 सितंबर को जिला मुख्यालय पौड़ी में प्रस्तावित महारैली, धरना-प्रदर्शन एवं घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक में पुरानी पेंशन बहाली, गोल्डन कार्ड की समस्याओं के समाधान सहित 12 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। सभी विभागों के प्रतिनिधियों एवं उपस्थित कार्मिकों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि 25 सितंबर को श्रीनगर क्षेत्र के सभी विभागों एवं घटक संगठनों के कार्मिक बड़ी संख्या में पौड़ी मुख्यालय पहुंचेंगे। बैठक में विभागवार तैयारियों की समीक्षा की गई तथा सभी विभागों से अधिक से अधिक कार्मिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष सीताराम पोखरियाल ने कहा कि 25 सितंबर को जिला मुख्यालय पौड़ी में होने वाले कार्यक्रम में जनपद पौड़ी के सभी घटक संगठनों एवं उनके सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कार्मिकों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की अनदेखी उचित नहीं है। संगठन अपनी मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार के समक्ष रख रहा है और मांगों के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में सौरभ नौटियाल, कमल सिंह राणा, राकेश बिष्ट, सुरेन्द्र सिंह डबोला, नीलकंठ नौटियाल, अनिल राणा, राहुल सिंह, गौरी नैथानी, जगमोहन सिंह रावत, मनोज गुप्ता, संगीता नेगी, रोहित नेगी, अमित सेमवाल, अनुज, हिना, सुनील कुमार, गिरीश प्रसाद डोभाल, गंगा शरण, हरिकृष्ण जोशी, एकता रावत नेगी, अरविंद सिंह, मनीष कुसाण, राजनाथ सिंह, धनेश्वर प्रसाद, मनोज भंडारी, अमित रावत आदि उपस्थित रहे।

आंदोलन नहीं करना चाहते कार्मिक
श्रीनगर इकाई के संयोजक सौरभ नौटियाल ने कहा कि पुरानी पेंशन और गोल्डन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार की चुप्पी ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्मिक आंदोलन करना नहीं चाहते, लेकिन मांगों की लगातार अनदेखी होने के कारण सरकार उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र के सभी विभागों के कार्मिक 25 सितंबर को एकजुट होकर पौड़ी मुख्यालय पहुंचेंगे।

श्रीनगर से बढ़-चढ़कर होगी भागीदारी
श्री हरिकृष्ण जोशी ने कहा कि श्रीनगर क्षेत्र से कार्मिक बढ़-चढ़कर 25 सितंबर के कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि 12 सूत्रीय मांगों को लेकर सभी विभागों के कार्मिक एकमत हैं तथा श्रीनगर से पौड़ी तक संगठन की मजबूत एकजुटता दिखाई जाएगी। बैठक में सभी उपस्थित कार्मिकों ने 25 सितंबर को पौड़ी मुख्यालय में होने वाले कार्यक्रम में श्रीनगर क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने तथा 12 सूत्रीय मांगों के समर्थन में एकजुटता प्रदर्शित करने का संकल्प लिया।

यह है कार्मिकों की 12 सूत्रीय मांगें
कार्मिकों की मांगों में कनिष्ठ सहायक का ग्रेड पे-लेवल-5 (2800) अनुमन्य करते हुए संबंधित पदों का पुनर्गठन एवं अतिरिक्त पदों का सृजन करने, जिन विभागों में पदोन्नतियां नहीं हो रही हैं, वहां पदोन्नत एसीपी की व्यवस्था लागू करने, पदोन्नति में फोरगो नियमावली में एक बार छूट देने, जिन विभागों में मिनिस्टीरियल के पदों का पुनर्गठन नहीं हुआ है, वहां शीघ्र पुनर्गठन कराये जाने, कार्मिक हित में पुरानी पेंशन बहाली हेतु केन्द्र सरकार से अनुरोध करने, गोल्डन कार्ड में आ रही असुविधाओं का तत्काल समाधान करने, स्थानान्तरण अधिनियम में आ रही कठिनाइयों के निराकरण हेतु शीघ्र बैठक करने, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (समूह ‘ख’) के कर्तव्य एवं दायित्वों के निर्र्धारण का संशोधित शासनादेश निर्गत करने, मिनिस्टीरियल कार्मिकों की कॉमन सेवाविनियमावली प्रख्यापित करने, समूह ‘ग’ के कार्मिक को उसके गृह तहसील में भी तैनात किए जाने का शासनादेश निर्गत करने, पदोन्नति में संक्रमण काल र को समाप्त करने, मिनिस्टीरियल के सृजित पदों पर आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनाती न करने तथा इसकी स्पष्ट एसओपी बनाने की मांग शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *