जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जयदेवपुर स्थित राजकीय इंटर कालेज में लायंस क्लब डिग्निटी की ओर से नशामुक्ति विषय पर पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पोस्टर और स्लोगन के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ लायंस क्लब के डा. एसके खट्टर और अवधेश चमोली ने किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है। प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की छात्रा तार्शिका ने प्रथम, रक्षा ने द्वितीय और गीता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कृतिका चतुर्थ और श्रेयांश पंचम स्थान पर रहे। विजेता प्रतिभागियों को डिक्शनरी और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा दीक्षा मेहरा, शुभम, लविश, आशीष और राधिका ने भी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्हें भी डिक्शनरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्रा ज्योति कंडवाल को साइकिल भी प्रदान की गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए प्रेरित किया गया।