विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ऑनलाइन ठगी और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के लिए राजकीय पालीटेक्निक कोटद्वार में डिजिटल साक्षरता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।


शिविर में आशीष गौनियाल ने विद्यार्थियों को फिशिंग लिंक, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी वेबसाइट, संदिग्ध मोबाइल एप, पासवर्ड व ओटीपी की सुरक्षा, सोशल मीडिया सिक्योरिटी और क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं का इस्तेमाल करते समय बरती गई थोड़ी सी लापरवाही आर्थिक नुकसान के साथ ही व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध एप डाउनलोड न करने और किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी। कहा कि डिजिटल युग में तकनीक के इस्तेमाल के साथ साइबर सुरक्षा की जानकारी होना भी जरूरी है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर अपराध और ऑनलाइन सुरक्षा से जुड़े सवाल भी पूछे। विशेषज्ञ ने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इससे विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन में होने वाली साइबर ठगी के तरीकों को समझने में मदद मिली। उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *