मसूरी का सफर होगा आसान

Spread the love

देहरादून। पहाड़ों की रानी मसूरी जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। देहरादून से मसूरी के बीच एक नया नेशनल हाईवे विकसित किए जाने की योजना है। प्रस्तावित करीब 42 किलोमीटर लंबे दो-लेन हाईवे के निर्माण पर लगभग ₹3,500 करोड़ खर्च होने की बात सामने आई है। इस परियोजना का उद्देश्य देहरादून-मसूरी मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को कम करना, सफर को सुरक्षित और सुगम बनाना तथा बरसात के दौरान सड़क बंद होने की समस्या का स्थायी विकल्प तैयार करना है।
जानकारी के अनुसार प्रस्तावित हाईवे जाजरा से मसूरी के लाइब्रेरी चौक तक बनाया जाएगा। इस मार्ग की सबसे बड़ी विशेषताओं में पहाड़ के भीतर बनाई जाने वाली दो लंबी सुरंगें शामिल हैं। जॉर्ज एवरेस्ट क्षेत्र के नीचे करीब 2.9 किलोमीटर लंबी सुरंग, जबकि मसूरी की पहाड़ियों में करीब 2 किलोमीटर लंबी दूसरी सुरंग प्रस्तावित है।
तीखे मोड़ों और भूस्खलन वाले
क्षेत्रों से मिलेगी राहत
मौजूदा देहरादून-मसूरी मार्ग पर पर्यटक सीजन के दौरान वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। कई स्थानों पर सड़क संकरी होने और तीखे मोड़ होने के कारण यातायात की रफ्तार प्रभावित होती है। बारिश के दौरान भूस्खलन और सड़क क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं भी यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बनती हैं। नई सुरंगों और बेहतर सड़क संरचना के जरिए ऐसे संवेदनशील हिस्सों को बाईपास करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे यात्रा का समय कम होने के साथ-साथ वाहन चालकों को अधिक सुरक्षित और सुगम मार्ग मिल सकेगा।
मसूरी के लिए बनेगा वैकल्पिक मार्ग
वर्तमान में देहरादून से मसूरी पहुंचने के लिए मुख्य रूप से एक ही प्रमुख मार्ग पर भारी दबाव रहता है। पर्यटक सीजन में इस मार्ग पर घंटों जाम लगने की स्थिति पैदा हो जाती है।
वहीं केमाड़ी मार्ग को वैकल्पिक रास्ते के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन मानसून के दौरान इसके क्षतिग्रस्त होने की समस्या सामने आती रहती है।
ऐसे में नया हाईवे मसूरी के लिए एक स्थायी वैकल्पिक कनेक्टिविटी के रूप में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *