जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में एमकेवीएन एजुकेशन ग्रुप की ओर से अंतर्विद्यालयी खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। बालक वर्ग में सात किलोमीटर की ‘लेट्स रन’ मैराथन और बालिका वर्ग में रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता आयोजित हुई। मैराथन में मयंक नेगी ने बाजी मारी, जबकि रस्सा-कस्सी में एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम विजेता रही।

मैराथन का शुभारंभ कृषि मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला, डू समथिंग सोसाइटी के संरक्षक प्रकाश चंद्र कोठारी, पीएल खंतवाल, शंकर दत्त गौड़, रिपुदमन सिंह बिष्ट और जनार्दन प्रसाद ध्यानी ने संयुक्त रूप से किया। मोटरनगर से शुरू हुई मैराथन दौड़ एमकेवीएन स्कूल दुर्गापुरी के प्रांगण में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 30 विद्यालयों के 438 धावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सात किलोमीटर की दौड़ में मयंक नेगी ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजय दूसरे और आर्यन रावत तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता में सुमित कुमार, रोहित, लोकेश, रोशन, हिमांशु, तनिष, हर्ष सैनी, आदर्श डबराल, आयुष बहुखंडी, वंश रावत और उज्ज्वल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 15 में स्थान बनाया। वहीं बालिका वर्ग में आयोजित रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में क्षेत्र के 12 विद्यालयों की टीमों ने प्रतिभाग किया। कड़े मुकाबले के बाद एमकेवीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम विजेता, जबकि ज्ञान भारती पब्लिक स्कूल की टीम उपविजेता रही। विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद्र कोठारी और कार्यकारी निदेशक मयंक प्रकाश कोठारी ने मैराथन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को नकद पुरस्कार, टी-शर्ट, प्रशस्ति पत्र और ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना विकसित करने के साथ ही उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर रिपुदमन बिष्ट, विपिन जदली, कविता रावत, रेखा नेगी, अशोक जखमोला, अनिल सैनी, चिराग कुकरेती, अतुल बडोला और विवेक सती सहित विद्यालय के शिक्षक, खेल प्रशिक्षक और अन्य लोग मौजूद रहे।