जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गुरूवार को भक्त दर्शन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय जयहरीखाल में वंदे मातरम् राष्ट्रगीत के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में महाविद्यालय परिसर में प्रभात फेरी निकाली गई। भारत माता की जयघोष से गुंजायमान यह प्रभात फेरी हमारे राष्ट्रीय गौरव, स्वाधीनता संग्राम की भावना और मातृभूमि के प्रति समर्पण का सजीव प्रतीक रही।

प्रभात फेरी में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रभात फेरी के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों एवं गीतों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। महाविद्यालय परिसर से प्रारंभ हुई प्रभात फेरी विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: महाविद्यालय पहुंची। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. लवनी रानी राजवंशी ने विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिप्रा, डॉ. अर्चना नौटियाल, डॉ. नेहा शर्मा, डॉ. सत्य नंदन भगत, डॉ. अजय रावत, डॉ. दुर्गा रजक, डॉ. सुमन कुकरेती आदि उपस्थित रहे।