विद्यार्थियों ने पुलिस कर्मियों को बांधी रखी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर नवयुग पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिसकर्मियों की कलाइयों पर राखी बांधी। छात्राओं ने पुलिस जवानों को रक्षा सूत्र बांधते हुए उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।


विद्यालय की प्रधानाचार्या नीलम नेगी और प्रशासक अर्पिता नेगी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाएं रखने के लिए जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने नशे, चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी सराहनीय बताया। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में विद्यालय में भी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्राथमिक वर्ग के बच्चों ने भाई-बहन के रिश्ते पर आधारित नाटक प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के माध्यम से भाई-बहन के बीच प्रेम, सम्मान, सुरक्षा और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए अपनी कल्पनाशीलता का प्रदर्शन किया और रंग-बिरंगी एवं आकर्षक राखियां तैयार कीं। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और रचनात्मक प्रयासों की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *