जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर एमकेवीएन एजुकेशनल ग्रुप के विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। पर्व की पूर्व संध्या पर छात्र-छात्राओं के बीच राखी मेकिंग प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता को अलग-अलग आयु वर्गों में आयोजित किया गया। कक्षा एक से दो वर्ग में अक्षरा ने प्रथम स्थान हासिल किया। जाह्नवी नेगी दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि चित्रा और प्रियांशु ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। कक्षा तीन से पांच वर्ग में राजा दुष्यंत सदन ने बाजी मारी और प्रथम स्थान हासिल किया। सम्राट सदन को द्वितीय तथा मां शकुंतला सदन को तृतीय स्थान मिला। कक्षा छ: से आठ वर्ग में महर्षि कण्व सदन प्रथम रहा। मां शकुंतला सदन ने दूसरा और सम्राट सदन ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दुर्गापुरी स्थित विद्यालय में भी राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगों और सजावटी सामग्रियों का प्रयोग कर आकर्षक राखियां तैयार कीं। इसके बाद छात्राओं ने विद्यालय के बस चालकों, परिचालकों और अन्य कर्मचारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंध निदेशक प्रकाश चंद्र कोठारी, कार्यकारी निदेशक मयंक कोठारी, प्रधानाचार्या कविता रावत और उप प्रधानाचार्या रेखा नेगी सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए पर्व के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व से भी अवगत कराया।