जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जानकी नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं ने छात्रों की कलाई पर राखी बांधकर भारतीय संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती और संयोजक आचार्य रोहित बलोदी ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने रक्षाबंधन के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि यह पर्व भाई-बहन के रिश्ते में स्नेह और विश्वास को मजबूत करने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देता है। प्रधानाचार्य मनोज कुकरेती ने कहा कि भारतीय संस्कृति में त्योहारों का विशेष महत्व है। रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के पवित्र रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी, सहयोग और संवेदनशीलता का भाव विकसित करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने तथा भारतीय संस्कारों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।