शिक्षक दिवस पर मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों का होगा सम्मान

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच की बैठक में शिक्षक दिवस के अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शहर की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर भी कई प्रस्ताव पारित किए गए।


देवी मंदिर स्थित एक होटल में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मंच के अध्यक्ष प्रवेश नवानी ने की। उन्होंने बताया कि पांच सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दो शिक्षकों को पंडित दीन दयाल नवानी स्मृति शिक्षक सम्मान प्रदान किया जाएगा। बैठक में शहर की मूलभूत समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मंच ने रेलवे स्टेशन से सटी दुकानों को अन्यत्र विस्थापित करने, शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने और आबादी वाले क्षेत्रों में जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की। इसके अलावा लंबे समय से बंद पड़े कॉर्बेट रिजॉर्ट को दोबारा संचालित करने और लालढांग- चिल्लरखाल मोटर मार्ग का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग भी शासन-प्रशासन के समक्ष रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में प्रकाश कोठारी, शिव प्रकाश कुकरेती, सत्यनारायण नौटियाल, शशि मोहन उनियाल, जनार्दन प्रसाद ध्यानी, मदनमोहन कोठारी, राजेंद्र कुमार वर्मा, सत्येंद्र प्रसाद खुगशाल, राकेश लखेड़ा, विजय लखेड़ा और शिव सिंह नेगी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *