जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : तेलीपाड़ा स्थित सैनिक कॉलोनी वेलफेयर सोसाइटी ने कौड़िया से दिल्ली फार्म को जाने वाले मार्ग की बदहाली पर रोष व्यक्त किया है। कहा कि शासन-प्रशासन को जल्द से जल्द मार्ग निर्माण करवाना चाहिए। कहा कि वर्षा के दौरान लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
सोमवार को क्षेत्रवासी तहसील परिसर पहुंचे और उपजिलाधिकारी संदीप कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि कौड़िया से ग्राम्य विकास विभाग कर्यालय तक नमामि गंगे योजना के तहत सीवरेज लाइन बिछाई गई थी। आरोप है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क को पूर्ववत डामरीकरण नहीं किया गया। बाद में प्रशासन के निर्देशों के बावजूद सड़क पर डामर के स्थान पर सीमेंट की टाइलें बिछा दी गईं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षा के दौरान सड़क कई स्थानों पर धंस गई है, जिससे पैदल चलना भी कठिन हो गया है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। उनका कहना है कि सीवरेज लाइन बिछाने से पहले सड़क पूरी तरह डामरयुक्त और सुचारु स्थिति में थी, लेकिन पिछले एक वर्ष से इसकी हालत लगातार खराब बनी हुई है। ज्ञापन में जनहित को देखते हुए संबंधित सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराने की मांग की गई, ताकि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इस दौरान पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेंद्र पाल सिंह रावत, पार्षद सुभाष पांडे, सूरजभाल सिंह भंडारी सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।