Uncategorized

104 वर्षीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बख्तावर सिंह का निधन, सैन्य सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

चमोली। सीमांत जनपद चमोली के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी 104 वर्षीय बख्तावर सिंह का शनिवार को गौचर में निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार कोविड संक्रमण के नियमों का पालन करते हुए राजकीय सम्मान के साथ उनके पैतृकघाट धारीनगर स्थित अलकनंदा नदी तट पर कर दिया गया। पुलिस के जवानों ने थानाध्यक्ष गिरीश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में उन्हें सलामी गारद के साथ श्रद्धांजलि दी। स्वतंत्रता सेनानी बख्तावर सिंह का शनिवार को सुबह सात बजे गौचर में निधन हो गया। वे अपनी पुत्री कमला बिष्ट व दामाद सुरेंद्र सिंह के साथ रह रहे थे। स्वजन ने इसकी सूचना तहसील कर्णप्रयाग प्रशासन को दी। स्वतंत्रता सेनानी बख्तावर सिंह के निधन की सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़, थानाध्यक्ष गिरीश चंद्र शर्मा गौचर स्थित उनके आवास पर पहुंचे। बाद में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार धारीनगर स्थित उनके पैतृक घाट अलकनंदा नदी तट पर कर दिया गया। तहसीलदार सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि स्व. बख्तावर सिंह नेगी वर्तमान में जनपद चमोली के अंतिम जीवित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे और मूल रूप से श्रीकोट पट्टी रानीगढ़ क्षेत्र तहसील कर्णप्रयाग के निवासी थे। बख्तावर सिंह की तीन पुत्रियां हैं। पैतृक घाट पर गौचर व कर्णप्रयाग के पुलिस जवानों की टीम ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी को अंतिम पुष्पचक्र अर्पित किया और राजकीय सम्मान के साथ सैनानी को विदाई दी। उनकी चिता को भतीजे रघुवीर सिंह, नाती योगंबर सिंह व दिगंबर सिंह ने मुखाग्नि दी।
बख्तावर सिंह 1940 में सेना में भर्ती होने के बाद आजाद हिद फौज में शामिल हुए थे और देश की आजादी के लिए संग्राम में हिस्सा लिया था। एक वर्ष तक कोलकाता जेल में सजा काटने के बाद वर्ष 1946 में उन्हें सेना से बाहर कर दिया गया। आजादी के बाद वह पीएसी में भर्ती हुए और वर्ष 1974 में सेवानिवृत्त हुए। सेवानिवृत्ति के बाद वह अपनी पुत्री और दामाद के साथ गौचर में रहने लगे। राष्ट्रीय पर्वो एवं गौचर मेले में हमेशा स्व. नेगी को प्रदेश के मुख्यमंत्री और अन्य मंत्रियों की ओर से सम्मानित किया जाता रहा। नंदादेवी राजजात समिति महासचिव भुवन नौटियाल, पूर्व नगर पंचायत गौचर अध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि बख्तावर सिंह का का देश की आजादी में दिया योगदान सदैव याद रहेगा। इस मौके पर थानाध्यक्ष कर्णप्रयाग गिरीश चंद्र शर्मा, उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग वैभव गुप्ता, तहसीलदार सोहन सिह रांगड़, नवीन चमोला, मुकेश नेगी सहित पुलिस के जवानों की टुकड़ी व स्वजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!