हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड पुलिस ने ऊंचे डीजे लगे कांवड़ वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी है। इसी क्रम में रविवार को निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले 12 ऊंचे डीजे कांवड़ वाहनों को आवश्यक हिदायत देने के बाद नारसन बॉर्डर से ही वापस लौटा दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऊंचे डीजे वाहनों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। विशेष रूप से हाईटेंशन बिजली लाइनों के संपर्क में आने से करंट लगने जैसी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं, जिससे श्रद्धालुओं की जान जोखिम में पड़ सकती है। इसी खतरे को देखते हुए प्रशासन ने ऐसे वाहनों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया हुआ है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा श्रद्धा और आस्था का पर्व है, लेकिन सुरक्षा नियमों का पालन करना भी उतना ही आवश्यक है। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों को यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रशासन ने सभी कांवड़ यात्रियों, वाहन चालकों एवं डीजे संचालकों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, वाहनों की ऊंचाई तय मानकों के अनुरूप रखें तथा पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि कांवड़ यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।