देहरादून()। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों पर सोमवार को क्लेक्ट्रेट परिसर में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह की अध्यक्षता में जनता दरबार लगाया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद, सीमांकन, अतिक्रमण, मार-पीट, भरण पोषण, आपदा से क्षतिपूर्ति सहायता, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा आदि से जुड़ी 146 समस्या/शिकायतें दर्ज हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर ही कई मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया साथ ही कुछ प्रकरणों को इससे जुड़े विभागों को अग्रसारित करते हुए विधि सम्मत त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सहस्रधारा निवासी 60 वर्षीय बेसहारा बुजुर्ग महिला हरदीप कौर ने आपदा की आपबीती सुनाते हुए बताया कि आपदा में उनके घर का सारा सामान बह गया है। उसका कोई सहारा नही है और ना ही कोई संतान है। अपने भरण पोषण के लिए उन्होंने कुछ काम करने हेतु आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर राइफल क्लब फंड से बेसहारा बजुर्ग महिला को मौके पर ही 25 हजार का चेक प्रदान किया गया।
चन्द्रबनी चोयला निवासी 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला अमर देवी ने बताया कि उनके दोनों बेटे और बहू आए दिन उनके साथ मारपीट करती है। खाना नहीं देते है। इस पर सीडीओ ने एसएसपी कार्यालय में सीनियर सिटीजन सेल में वाद दायर करते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई कराने को कहा।
न्यू कैंट शक्ति कॉलोनी निवासी 84 वर्षीय बजुर्ग चंडी प्रसाद लखेडा ने पडोसी द्वारा उनकी जमीन पर कब्जा करने और बार बार उनको परेशान करने की शिकायत दर्ज की। इस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रार्थी का मुकदमा दर्ज कराते हुए त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए गए।
अपने दिव्यांग बेटे को लेकर जनता दरबार पहुंची आर्या नगर निवासी प्रिया वर्मा ने रोजगार और आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। बताया कि उनका बेटा चल फिर नहीं सकता। इलाज में बहुत खर्चा हो गया है। कही पर बेटे की देखभाल के साथ नौकरी करना चाहती है। इस पर समाज कल्याण एवं उद्योग विभाग के अधिकारियों को व्यथित महिला को सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए गए। वहीं गरीब राजेन्द्र कुमार व दिनेश कुमार की आर्थिक सहायता की गुहार पर जांच कर प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा गया।