बिग ब्रेकिंग

16 हजार से ज्यादा नए मामले, 24 घंटों के दौरान कोविड-19 से 113 की मौत

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

नई दिल्ली,एजेंसी। देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। नए मामले लगातार बढ़ रहे हैं। लगातार दो दिनों से दैनिक मौतों का आंकड़ा भी सौ को पार कर गया है। ठीक होने वाले मरीजों की तुलना में नए मामले ज्यादा मिलने से सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर पौने दो लाख से ज्यादा हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी दैनिक आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में 16,838 नए मामले मिले हैं और 113 लोगों की मौत हुई है। इसमें महाराष्ट्र में 60, पंजाब में 15 और केरल में 14 मौतें शामिल है।
इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर एक करोड़ 11 लाख 73 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ आठ लाख 39 हजार से ज्यादा मरीज ठीक हो चुके हैं और 1,57,548 लोगों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर घटकर 97़01 फीसद पर आ गई है और मृत्युदर 1़41 फीसद पर बनी हुई है। मंत्रालय ने बताया कि सक्रिय मामलों यानी उपचाराधीन मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में देश में कुल 1,76,319 सक्रिय मामले हैं, जो कुल संक्रमितों का 1़58 फीसद है। गुरुवार को 7़61 लाख टेस्ट भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को देशभर में 7,61,834 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 21 करोड़ 99 लाख 40 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देश में सामने आए कुल 16,838 नए मामलों में से 84़44 फीसद सिर्फ छह राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में पाए गए हैं। इनमें महाराष्ट्र, केरल, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और दिल्ली शामिल हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 8,998 नए संक्रमित मिले हैं, जबकि, केरल में 2,616 और पंजाब में 1,071 नए केस मिले हैं। मंत्रालय के मुताबिक इन राज्यों को मिलाकर आठ राज्यों में संक्रमण बढ़ रहा है। हालांकि, केरल, तमिलनाडु और बंगाल में सक्रिय मामलों में कमी आई है।
मंत्रालय के मुताबिक पिछले एक महीने के दौरान केरल, उत्तर प्रदेश, बंगाल, छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले कम हुए, जबकि, महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में सबसे ज्याद सक्रिय मामलों की संख्या बढ़ी।देश के 18 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना महामारी के चलते किसी मरीज की मौत नहीं हुई है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, असम, चंडीगढ़, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, ओडिशा, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्य शामिल हैं।
मंत्रालय ने बताया कि 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक हजार से कम सक्रिय मामले हैं। इनमें से अरुणाचल प्रदेश में सिर्फ दो सक्रिय मामले रह गए हैं। देश में समग्र संक्रमण की दर में गिरावट जारी है और फिलहाल यह 5़08 फीसद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!