ज्योतिर्मठ। हेमकुंड साहिब के कपाट इस साल 10 अक्तूबर को बंद कर दिए जाएंगे। 15 हजार फीट से अधिक की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब की यात्रा में इस साल अभी तक दो लाख 38 हजार श्रद्धालु मत्था टेकने पहुंच चुके हैं। हेमकुंड साहिब में आने वाले श्रद्धालुओं की यह सबसे बड़ी संख्या है।
गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्र जीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि हेमकुंड साहिब की वार्षिक यात्रा 10 अक्तूबर को औपचारिक रूप से बंद कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस साल अब तक दो लाख 38 हजार श्रद्धालुओं को पवित्र धाम के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि करीब दो माह के शेष समय में आकर हेमकुंड साहिब के दर्शन कर यहां की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लें।
इन दिनों हेमकुंड साहिब में फूलों की घाटी की तर्ज पर विभिन्न प्रकार के फूल खिले हुए हैं। ब्रह्मकमल भी गुरुद्वारे के आसपास खिले हुए हैं। इससे क्षेत्र का नजारा बहुत ही मनमोहक बना हुआ है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे 10 अक्तूबर से पहले अपनी यात्रा पूरी कर लें। इसके बाद उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो जाती है।