2012 से कर रहा हूं विधानसभा चुनाव की तैयारी: घन्ना
जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री घनानंद ने पौड़ी विधानसभा क्षेत्र से दावेदारी पेश की है। घन्ना का कहना है कि वह 2012 से विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। सभी यही चाहते हैं कि इस बार वह चुनाव लड़े।
शुक्रवार को कंडोलिया में पत्रकारों से वार्ता के दौरान घन्नानंद ने कहा कि वह आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। इसके लिए वह वर्ष 2012 से तैयारी कर रहे हैं। पौड़ी विधानसभा क्षेत्र से टिकट की दावेदारी करना मेरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि वह पूर्व में भी चुनाव लड़ चुके हैं। तब भी स्थानीय निवासियों ने उन्हें खासा समर्थन दिया था। विधायक बनने पर वह वन मैन शो की तरह कार्य नहीं करेंगे। बल्कि समाज के हर वर्ग से पूछा जाएगा। पौड़ी पूरी दुनिया में खासा खूबसूरत शहर हैं। इसे इतना खूबसूरत बनाया जाएगा कि यहां पर्यटकों की भरमार होगी।