जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी 21 जुलाई (मंगलवार) को विकासखंड जखोली में बहुउद्देशीय शिविर/प्रशासन गांव की ओर अभियान तहसील दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी विशाल मिश्रा करेंगे। शिविर का आयोजन प्रात: 11 बजे से होगा।
तहसील दिवस में सभी विभागों के अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनता से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया जाएगा। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराने तथा विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।