जयन्त प्रतिनिधि।
रूद्रप्रयाग : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा, सुशासन एवं समर्पण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में सेवा सप्ताह के तहत विभिन्न क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा के निर्देशों के क्रम में निर्धारित रोस्टर के अनुसार विकासखंड जखोली के दूरस्थ क्षेत्र में स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज, कैलाश बांगर में 20 जुलाई, 2026 को प्रात: 11 बजे से जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी जखोली द्वारा की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविर में पूर्ण तैयारी के साथ प्रतिभाग करते हुए विभागीय योजनाओं से संबंधित स्टॉल स्थापित किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में निवासरत लोगों तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, पशुपालन, समाज कल्याण, ग्राम्य विकास, बाल विकास, शिक्षा, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, ऊर्जा, पेयजल, पंचायती राज, बैंकिंग एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करने के साथ ही ग्रामीणों की शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर निस्तारण भी किया जाएगा।