श्रीनगर गढ़वाल : उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में करीब एक माह पहले शुरू हुई हारमोनल एनालाइजर मशीन मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। अब जिन हारमोनल जांचों के लिए मरीजों को निजी लैब, देहरादून, ऋषिकेश या श्रीकोट मेडिकल कॉलेज जाना पड़ता था, वे अस्पताल में ही उपलब्ध हैं। इससे मरीजों का समय, खर्च और भागदौड़ कम हुई है। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विमल गुसाईं ने बताया कि अब तक 223 मरीजों की जांच की जा चुकी है। मशीन से टी-3, टी-4, टीएसएच, एएमएच, विटामिन-डी, विटामिन-बी12, पीएसए, सीए-125, फेरिटिन और अल्फा फेटो प्रोटीन (एएफपी) सहित कई महत्वपूर्ण जांचें की जा रही हैं, जिनसे थायराइड, हार्मोन असंतुलन, विटामिन की कमी और अन्य गंभीर बीमारियों का समय पर पता चल रहा है। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को इस सुविधा का विशेष लाभ मिल रहा है। सरकारी व्यवस्था के तहत पात्र मरीजों की जांच निशुल्क की जा रही है, जबकि अन्य मरीजों को भी कम खर्च पर जांच सुविधा उपलब्ध हो रही है। (एजेंसी)