गर्भवती महिला के पेट से निकाली दो बड़ी सिस्ट

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा बेस अस्पताल के चिकित्सकों ने तीन माह की गर्भवती महिला के पेट से दो बड़ी सिस्ट (गांठ) निकालने में सफलता हासिल की है। मां और गर्भस्थ शिशु दोनों सुरक्षित हैं। एक हाइडैटिड सिस्ट अंडेदानी (ओवरी) के पास मिली, जिसे चिकित्सकीय दृष्टि से अत्यंत दुर्लभ माना जाता है। ज्योतिर्मठ क्षेत्र की 25 वर्षीय महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर बेस अस्पताल पहुंची थी। अल्ट्रासाउंड जांच में बच्चेदानी के समीप 13 और 9 सेंटीमीटर आकार की दो सिस्ट पाई गईं। इनमें से एक हाइडैटिड सिस्ट ओवरी के पास थी। विशेषज्ञों ने विस्तृत जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया। गायनी विभाग की असिस्टेंट प्रो. डॉ. नेहा दोसाद के निर्देशन में असिस्टेंट प्रो. डॉ. निधि बहुगुणा और सर्जरी विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. लक्ष्मण यादव ने सफलता पूर्वक सर्जरी की। ऑपरेशन के दौरान दोनों सिस्ट निकाल दी गईं। साथ ही दोनों अंडेदानियों को सुरक्षित रखते हुए प्रभावित ओवरी का पुनर्निर्माण (ओवेरियन रिकंस्ट्रक्शन) भी किया गया, जिससे महिला की भविष्य की प्रजनन क्षमता सुरक्षित रहेगी। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *