आक्रोशित ग्रामीण 20 जुलाई को तहसील पर देंगे धरना

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल : विकासखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त मूलभूत जनसमस्याओं का समाधान न होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने आगामी 20 जुलाई को तहसील मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। राज्य आंदोलनकारी बिनोद टोडरिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य रजनी देवी टोडरिया और ग्राम प्रधान सुनीता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने इस संबंध में जिलाधिकारी को ज्ञापन प्रेषित किया है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से लगातार तहसील दिवस व बीडीसी बैठकों में समस्याओं को उठाने के बावजूद शासन-प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। यदि संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर आकर लिखित आश्वासन नहीं देते हैं, तो क्षेत्रवासी क्रमिक अनशन व चक्का जाम के लिए बाध्य होंगे। सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने मुनेठ-कणदिवी-बदर गांव मोटर मार्ग का डामरीकरण करने, विगत कई वर्षों से क्षतिग्रस्त बंदर गांव सिंचाई गूल का पुनर्निर्माण करने तथा रामपुर श्यामपुर पेयजल योजना की मरम्मत के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी करने की मांग की है। इसके अलावा सजवाण कांडा-बमाणा मोटर मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कूल मार्ग को ठीक करने, महरकांडा बस्ती में सड़क से बरसाती पानी की समस्या का स्थाई समाधान करने और डूंगरियाल कांडा में आपदा से क्षतिग्रस्त मुख्य मार्ग के पुनर्निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई है। साथ ही जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा की गुहार लगाई गई है। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *