डोडा ,17 जुलाई ,(आरएनएस)। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के भद्रवाह क्षेत्र में स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (स्ह्रत्र) के जवानों से सर्विस राइफल छीनने की कथित कोशिश के दौरान हुई फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन एसओजी जवान घायल हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के संबंध में एक धार्मिक उपदेशक को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, उसका इस मामले से क्या संबंध है, इसकी जांच की जा रही है और अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार देर रात एसओजी की एक टीम को ऊंचाई वाले क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम भद्रवाह शहर से करीब 35 किलोमीटर दूर जाई-गंडोह मार्ग पर घात लगाकर निगरानी कर रही थी।
रात करीब 11:30 बजे एसओजी जवानों ने एक युवक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि युवक ने जवानों पर हमला कर उनकी सर्विस राइफल छीनने की कोशिश की। धक्का-मुक्की के दौरान एक जवान की गोली चल गई, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान तीन एसओजी जवान भी घायल हुए।
घायलों को पहले भद्रवाह के उप-जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, डोडा रेफर किया गया। अधिकारियों के अनुसार, घायल युवक की पहचान चीका गांव निवासी 30 वर्षीय आरिफ हुसैन के रूप में हुई, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना के बाद भद्रवाह शहर में एहतियात के तौर पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (ष्टक्रक्कस्न) और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। वहीं, सेना ने जाई क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। मामले की जांच जारी है।