जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : थलीसैंण थाना क्षेत्र के मरोड़ा गांव में पिता-पुत्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस को चौबीस घंटे बाद भी तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पायेगी। तहरीर मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की शाम मरोड़ा निवासी बिगारी सिंह (53) और उनके पिता बख्तावर सिंह (85) ने एक साथ शराब पी थी। इसके बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें सीएचसी थलीसैंण ले गए, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया था। पुलिस को प्रारंभिक जानकारी में यह पता चला कि पिता-पुत्र के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर अक्सर कहासुनी होती थी। सीओ सदर तपेश कुमार चंद ने बताया कि मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। तहरीर मिलने पर पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।