धनराशि स्वीकृति के बाद भी नहीं बनी ट्रेंचिंग ग्राउंड की सुरक्षा दीवार

Spread the love

दीवार के अभाव में खोह नदी में गिर रहा ट्रेंचिंग ग्राउंड का कूड़ा
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर निगम हर बार बजट की कमी की बात कहता रहता है। लेकिन, गाड़ीघाट खोह नदी में संचालित हो रहे ट्रेंचिंग ग्राउंड की सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए बजट जारी होने के बाद भी अब तक इसका निर्माण नहीं करवाया गया है। नतीजा ट्रेंचिंग ग्राउंड की गंदगी खोह नदी में गिरने से जल दूषित हो रहा है। जबकि, कई काश्तकार नदी के जल का उपयोग खेती व मवेशियों को पिलाने के लिए भी करते हैं। वहीं, कुछ माह बाद शुरु होने वाले वर्षाकाल से ट्रेंचिंग ग्राउंड की भूमि के बहने का खतरा बना हुआ है।
गत वर्ष 13 अगस्त को हुई अतिवृष्टि से खोह नदी उफान पर बनी हुई थी। जिसके तेज बहाव से ट्रेंचिंग ग्राउंड की सुरक्षा दीवार के साथ ही भूमि का कुछ हिस्सा नदी में बह गया था। ऐसे में सुरक्षा दीवार का निर्माण करवाने के बजाय नगर निगम अब भी ट्रेंचिंग ग्राउंड में प्रतिदिन चालीस वार्डों का सैकड़ों टन कूड़ा डाल रहा है। ट्रेंचिंग ग्राउंड में पर्याप्त जगह व सुरक्षा दीवार नहीं होने से यह कूड़ा खोह नदी में गिर रहा है। नदी दूषित होने से जलीय जीवों पर खतरा मंडरा रहा है। पूर्व में सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए नगर निगम ने सिंचाई विभाग को पत्र भेजा था। इसके लिए विभाग ने 1.5 करोड़ रूपये का प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेजा। लेकिन, इस प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल पाई। जिसके बाद शासन ने राज्य वित्त में बाढ़ सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए डेढ़ करोड़ की धनराशि को स्वीकृति दी। लेकिन, धनराशि स्वीकृत होने के बाद भी नगर निगम अब तक धरातल पर कार्य प्रारंभ नहीं कर पाया है।

भूमि के बहने का खतरा
कुछ माह बाद शुरु होने वाले वर्षाकाल से ट्रेंचिंग ग्राउंड की भूमि के बहने का खतरा बना हुआ है। दअरसल, सुरक्षा दीवार ढहने के बाद से ट्रेंचिंग ग्राउंड की भूमि नीचे से खोखली होती जा रही है। यदि ट्रेंचिंग ग्राउंड की भूमि बह जाती है तो नगर निगम के समक्ष कूड़ा निस्तारण की समस्या खड़ी हो जाएगी। वर्तमान में ट्रेंचिंग ग्राउंड में शहर के चालीस वार्डों का कूड़ा एकत्रित किया जाता है।
बयान
ट्रेंचिंग ग्राउंड की सुरक्षा दीवार निर्माण के लिए 1.5 करोड़ की धनराशि स्वीकृत है। इसकी निविदा भी जारी हो चुकी है। जल्द ही धरातल पर कार्य प्रारंभ हो जाएगा..चंद्रशेखर शर्मा, सहायक नगर आयुक्त, कोटद्वार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *