श्रीनगर गढ़वाल : हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के शैक्षणिक सत्र 2026-27 में स्नातक की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विवि ने सीयूईटी (यूजी)-2026 में शामिल ऐसे अभ्यर्थियों को पंजीकरण का अवसर दिया है, जिन्होंने विवि की ओर से निर्धारित सीयूईटी डोमेन विषय मैपिंग के अनुरूप उचित विषय संयोजन का विकल्प नहीं चुना है।

विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओपी गुसांई ने बताया कि अभ्यर्थी 20 अगस्त से 23 अगस्त तक समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर सकते हैं। प्रवेश के लिए काउंसलिंग 25 अगस्त को होगी। विवि के बिड़ला, एसआरटी परिसर टिहरी और डॉ. बीजीआर परिसर पौड़ी में विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटें उपलब्ध हैं। बिड़ला परिसर में बीएससी फॉरेस्ट्री, बीएससी लाइफ साइंस, बीएससी मैथेमेटिक्स, बीकॉम, बीएससी योगिक साइंस, बीए, बीएचएम, बीए जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, इंटीग्रेटेड एमबीए तथा लोक संगीत एवं लोक नृत्य में डिप्लोमा जैसे कार्यक्रमों में सीटें हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा संबद्ध महाविद्यालयों में बीए एलएलबी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए भी पोर्टल खुला है। विवि ने स्पष्ट किया कि केवल उपलब्ध रिक्त सीटों के सापेक्ष किए गए पंजीकरण ही आगे की प्रवेश प्रक्रिया में विचारणीय होंगे। (एजेंसी)