कीर्तिनगर : विकासखंड की डागर पट्टी के टोला गांव में भारी बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित हो गया है। इसी साल जनवरी में गांव तक पहुंची सड़क पर पहली ही बरसात आफत बन कर आई है जिससे सड़क क्षतिग्रस्त होने के साथ बिजली और पानी की आपूर्ति भी ठप हो गई है।

ग्वाड़ गांव में प्राथमिक विद्यालय का पुश्ता ढहने से स्कूल भवन और नीचे बने मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में प्रभावित परिवार दहशत में रातें गुजारने के लिए मजबूर हैं। वहीं माथ्याग्वाड़ और भैरसैंण में मलबा आने से यातायात भी ठप है। वहीं सड़क खोलने के लिए लोनिवि और ग्रामीणों में गतिरोध बना हुआ है। लोनिवि के अवर अभियंता नदीम के अनुसार विभाग की प्राथमिकता सड़क खोलना है, जबकि ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि पहले पुश्ता बनाया जाए क्योंकि सड़क की खोदाई से पूरा पुश्ता गिर सकता है। उधर ऊर्जा निगम की एसडीओ प्रियंका नेगी ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की बात कही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाया और सभी निर्माण कार्य स्थानीय ठेकेदारों के बजाय बाहरी कंपनियों से कराने की मांग की। (एजेंसी)