18 लाख की ठगी करने वाला फरार अभियुक्त गिरफ्तार

Spread the love

नौकरी लगाने के नाम पर ठगे थे 18 लाख
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोतवाली पुलिस की अपराधियों के विरूद्ध कार्यवाही लगातार जारी है। नौकरी लगाने के नाम पर 18 लाख रुपये की धोखाधडी/ठगी करने वाले फरार अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूर्यकान्त बलूनी पुत्र स्व. जगदीश प्रसाद बलूनी निवासी जौनपुर कोटद्वार द्वारा तहरीर दी गयी थी कि प्रदीप सैनी पुत्र महेन्द्र सिंह सैनी निवासी शिवालिक नगर, हरिद्वार द्वारा नौकरी लगाने के नाम पर 18 लाख रुपये लिये गये है। उसने न तो नौकरी लगाई और ना ही पैसे वापस कर रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियुक्त के विरूद्ध कोतवाली कोटद्वार पर धारा 318(4) बीएनएस का अभियोग पंजीकृत किया। अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार के निर्देशन व पुलिस उपाधीक्षक/क्षेत्राधिकारी कोटद्वार के निकट पर्यवेक्षण में मुकदमा उपरोक्त में साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गयी तो वादी द्वारा अभियुक्त पर लगाये गये आरोपो की पुष्टि होने पर अभियुक्त को विवेचना में सहयोग हेतु बुलाया गया, किन्तु अभियुक्त उपस्थित नहीं हुआ। अभियुक्त को गिरफ्तार करने के लिए दबिशें दी गयी तो अभियुक्त फरार हो गया। अभियुक्त के लगातार फरार रहने के कारण माननीय न्यायालय से अभियुक्त का गैर जमानती वारण्ट प्राप्त किया गया। अभियुक्त की तलाश हेतु मुखबिरान नियुक्त किये गये थे। पुलिस ने अभियुक्त को गुरूवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चमोली, हेड कांस्टेबल आदित्य शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *