ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच ने आयोजित किया मेधावी छात्र सम्मान समारोह
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच की ओर से मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले 20 छात्र-छात्राओं और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात छात्र-छात्राओं को गायत्री देवी सम्मान से सम्मानित किया गया। वहीं दो शिक्षकों को पंडित दीनदयाल नवानी स्मृति शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वन संरक्षक साकेत बडोला, सरोजनी कैंत्यूरा, नीरूबाला खंतवाल और प्रवेश नवानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्य वन संरक्षक साकेत बडोला ने मंच की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस तरह सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलती है। संस्था के अध्यक्ष प्रवेश नवानी ने कहा कि ग्रामीण विकास नागरिक विचार मंच की ओर से विद्यार्थियों और शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिवर्ष इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रतिभाओं को सम्मान देकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर प्रकाश कोठारी, शिव प्रकाश कुकरेती, कल्पना तिवाड़ी, जनार्दन प्रसाद ध्यानी, बुद्धिबल्लभ ध्यानी, पीएल खंतवाल, रिपुदमन बिष्ट, विजय लखेड़ा, मुन्नी उनियाल, अशोक थपलियाल और विनोद ध्यानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।