कमियां दूर कर भवन शीघ्र रेलवे को हस्तांतरित करने के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मुरादाबाद मंडल की मंडलीय रेलवे प्रबंधक (डीआरएम) विनीता श्रीवास्तव ने कोटद्वार रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन नए रेलवे भवन का निरीक्षण किया। भवन निर्माण में गुणवत्ता संबंधी कमियां मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्माण कार्य में मिली कमियों को शीघ्र दूर कर भवन को रेलवे को हस्तांतरित करने की कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए।

कोटद्वार पहुंची डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने रेलवे स्टेशन परिसर में निर्माणाधीन नए भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान निर्माण कार्य में कुछ कमियां मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी कमियों को दूर कर भवन को जल्द रेलवे के सुपुर्द करने के निर्देश दिए। डीआरएम ने रेलवे परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीआरएम के कोटद्वार पहुंचने की जानकारी मिलने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी उनसे मुलाकात की। व्यापारियों ने रेलवे की दीवार से सटी दुकानों को लेकर डीआरएम के समक्ष अपनी बात रखने का प्रयास किया। हालांकि, डीआरएम ने व्यापारियों को रेलवे परिसर के बाहर लगी दुकानों को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए भवन के निर्माण के बाद रेलवे परिसर के बाहर दुकानें लगाने का कोई औचित्य नहीं है और इन्हें हटाया जाना जरूरी है। इसके बाद डीआरएम विनीता श्रीवास्तव ने ऐतिहासिक कण्वाश्रम क्षेत्र का भ्रमण किया। उन्होंने यहां स्थापित विभिन्न प्रतिमाओं का अवलोकन किया और कण्वाश्रम स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र के धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व की जानकारी ली।