देहरादून। पटेलनगर थाना क्षेत्र स्थित न्यू डिफेंस कॉलोनी बड़ोंवाला में एक 35 वर्षीय युवक ने अपने घर के कमरे में पंखे से लटककर जान दे दी। घटना के वक्त युवक घर पर अकेला था। उसके माता-पिता अपने पैतृक गांव गए हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भेज दिया है।इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि रविवार को कंट्रोल रूम से सूचना मिली। बताया कि न्यू डिफेंस कॉलोनी में एक व्यक्ति ने सुसाइड कर लिया है। सूचना पाकर आईएसबीटी चौकी जयवीर सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहां एक युवक का शव कमरे में पंखे से फंदे के सहारे लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान गौरव भट्ट (35 वर्ष) पुत्र देवेंद्र प्रसाद भट्ट निवासी न्यू डिफेंस कॉलोनी, बड़ोंवाला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरव घर पर अकेला रह रहा था और उसके माता-पिता जनपद रुद्रप्रयाग स्थित अपने गांव गए हुए थे। पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और वीडियोग्राफी कराई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से शव को अस्पताल भिजवा दिया गया। इंस्पेक्टर गुसाईं ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने पर आगे की कानून कार्रवाई होगी।