लखनऊ, उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने पिछले 24 घंटों में अयोध्या, झांसी, लखनऊ, हापुड़ और चंदौली में कार्रवाई करते हुए विभिन्न अपराधों में शामिल रहे 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई 6 मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक अपराधी की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य घायल हो गए। घायल अपराधियों का उपचार जारी है।
पुलिस और अपराधियों के बीच सबसे बड़ी मुठभेड़ अयोध्या में हुई। कुख्यात अपराधी भानु प्रताप सिंह ने दबिश के दौरान प्रयागराज एसटीएफ पर हमला बोल दिया। जवाबी कार्रवाई में भानु घायल हो गया और बाद में उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। भानु पर आजमगढ़ पुलिस ने एक लाख, अंबेडकर नगर पुलिस ने 50,000 और गोरखपुर पुलिस ने 15,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। उसके खिलाफ हत्या और डकैती समेत 40 गंभीर मुकदमे दर्ज थे।
झांसी में हत्या के मामले में 2 आरोपियों को पुलिस ने आधी रात के बाद मुठभेड़ में घेर लिया। दोनों ओर से जमकर गोलीबारी हुई। हालांकि, बाद में पुलिस की गोली लगने से एक आरोपी घायल हो गया। अपने साथी को घायल देखकर दूसरे आरोपी ने जान बचाने के लिए आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों पर 24 घंटे पहले हुई हत्या में शामिल होने का आरोप है। पुलिस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर मुख्य आरोपी सुमित कश्यप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसके साथी सनी उर्फ शनि कश्यप का नाम सामने आया। पुलिस जब उसे दबोचने गई तो उसने गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
हापुड़ में व्यापारी नरेंद्र कबाड़ी के घर हुई लूट की वारदात का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लोकेशन और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों को दबोचने पहुंची थी। उस दौरान आरोपियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें 2 आरोपियों के पैर में गोली लग गई और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने वारदात में शामिल कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले का विस्तृत खुलासा एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह करेंगे।
चंदौली में 24 घंटे पहले हुई हत्या के मुख्य शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है और उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में वह घायल हो गया। बता दें कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है।