66 दिन से नहीं मिला वेतन, आर्थिक संकट में बीआरपी-सीआरपी

Spread the love

कर्णप्रयाग। ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरपी) और क्लस्टर रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। इन्हें 66 दिनों से वेतन नहीं मिला है। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए थराली विधायक भूपाल राम टम्टा को ज्ञापन सौंपा। कर्मियों ने लंबित वेतन के तत्काल भुगतान और भविष्य में समग्र शिक्षा के माध्यम से सीधे वेतन देने की मांग की।
कर्मियों ने कहा कि उन्हें अक्सर दो से तीन माह तक वेतन का इंतजार करना पड़ता है। इसके बावजूद वे विद्यालयों में भ्रमण, निरीक्षण और शैक्षणिक सहयोग जैसे विभागीय कार्य कर रहे हैं। उनका आरोप है कि निर्धारित वेतन 40 हजार रुपये है लेकिन खाते में केवल 22 से 27 हजार रुपये ही आते हैं। शेष राशि किस मद में काटी जा रही है इसका स्पष्ट विवरण नहीं दिया जाता। कर्मियों ने वेतन स्लिप में भी पारदर्शिता की मांग की। अंकिता, शिवानी, सुभाष, हिमांशु, राहुल, अनूप आदि ने सरकार से वेतन सीधे समग्र शिक्षा के माध्यम से जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी होगी और वेतन में देरी व कटौती संबंधी शिकायतों का समाधान हो सकेगा। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न होने पर प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा। विधायक भूपाल राम टम्टा ने बताया कि कर्मियों उचित निस्तारण का आश्वासन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *