देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिधौली में सार्वजनिक स्थान पर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और हुड़दंग करने के आरोप में पुलिस ने सात युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार सभी युवक निजी शिक्षण संस्थान के छात्र बताए गए हैं।
6 सितंबर को बिधौली क्षेत्र में विवाद और मारपीट की सूचना पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि युवक दोबारा मारपीट पर उतारू हो गए। इससे सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था बिगड़ने और राहगीरों के चोटिल होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस ने सातों युवकों को धारा 170/126/135 इठरर के तहत गिरफ्तार किया। साथ ही संबंधित शिक्षण संस्थान को रिपोर्ट भेजकर छात्रों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और निष्कासन की संस्तुति की गई है।
गिरफ्तार युवकों में आर्यन पाटनी (21), अभय कोहली (21), नैथन (21), कृष उपाध्याय (20), युग नागर (21), अर्पित तोमर (19) और कवि अत्री (20) शामिल हैं। सभी युवक कंडोली/ प्रेमनगर क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी बिधौली उपनिरीक्षक जैनेंद्र सिंह राणा, कांस्टेबल जसबीर कंडारी, श्रीकांत मलिक और जगजोत शामिल रहे।
दून पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश दिया है।