एशियन गेम्स 2026 : कुराश में पिंकी बल्हारा को ब्रॉन्ज मेडल से करना पड़ा संतोष, सेमीफाइनल में मिली हार

Spread the love

नागोया , भारत की पिंकी बल्हारा ने सोमवार को एशियन गेम्स 2026 में कुराश के -78 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। हालांकि, उन्हें सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा। 2018 में जकार्ता में हुए एशियन गेम्स में सिल्वर मेडल जीतने वाली पिंकी एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल मैच में साउथ कोरिया की मो सुमिन से 0-5 से हार गईं और गोल्ड मेडल के मुकाबले में जगह नहीं बना पाईं। सेमीफाइनल में सुमिन का पिंकी के खिलाफ पूरी तरह से दबदबा देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ी को एक डक्की (कुराश में दो चेतावनी) मिली। वहीं, सुमिन ने पहले आधा प्वाइंट (चाला) और बाद में योनबोश (पूरा प्वाइंट) हासिल करके मुकाबला 5-0 से जीत लिया। पिंकी ने इससे पहले क्वार्टर फाइनल में एक और साउथ कोरियाई खिलाड़ी लिम को 3-0 से हराया था। उन्होंने कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ चाला (आधा प्वाइंट) हासिल किया, जबकि क्वार्टर फाइनल में लिम को तानबेख (चेतावनी) मिली थी। पिंकी ने एशियन गेम्स 2018 में सिल्वर मेडल जीता था, जब इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट में कुराश को पहली बार शामिल किया गया था। वह पहले जूडोका थीं और उन्होंने एशियाई जूनियर जूडो चैंपियनशिप 2018 में गोल्ड मेडल भी जीता था। वह जूडो इवेंट में भारत की एशियन गेम्स की टीम में जगह नहीं बना पाई थीं। हालांकि, बाद में पिंकी ने कुराश इवेंट के लिए क्वालिफाई किया और सिल्वर मेडल जीता था।
कुराश मुकाबलों में भारत को पहली सफलता पिंकी बल्हारा के रूप में मिली है। रविवार को भारतीय खिलाड़ी एक भी मैच नहीं जीत पाए थे। पुरुषों के 90 प्लस किग्रा वर्ग में विशाल का सफर क्वार्टर फाइनल में ही समाप्त हो गया। उन्हें थाईलैंड के कुनाथिप ये-ऑन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा।
एक अन्य भारतीय खिलाड़ी संगीता बल्हारा महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकीं। उन्हें राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस की चारमिया क्वेलिनो के खिलाफ 0-10 से हार का सामना करना पड़ा। महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 16 में भारती भी प्रतियोगिता से बाहर हो गईं। उन्हें ईरान की ताहरेह अजरपेइवंद ने हराया। वहीं, पुरुषों के 90 प्लस किग्रा वर्ग में यश कुमार चौहान का सफर भी राउंड ऑफ 16 में खत्म हो गया। उन्हें ताजिकिस्तान के शकरममद मिरममदोव के खिलाफ 0-10 से हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *