75 साल पुराने कुएं को मिलेगा नया जीवन

Spread the love

डोईवाला। प्रेमनगर बाजार में शिव मंदिर परिसर के समीप करीब 75 साल पुराने कुएं का नगर पालिका ने जीर्णोद्धार शुरू करा दिया है। स्थानीय विरासत और पारंपरिक जलस्रोत के रूप में इसे संरक्षित करने की पहल की गई है। जीर्णोद्धार से पहले विधिवत पूजा-अर्चना की गई। कभी यह कुआं आसपास की आबादी का प्रमुख जलस्रोत था। घर-घर नल की सुविधा न होने के दौर में लोग पेयजल और दैनिक जरूरतों के लिए इसी पर निर्भर रहते थे। क्षेत्र के जागरूक लोगों की पहल से निर्मित यह कुआं समय के साथ प्रेमनगर बाजार के सामाजिक जीवन का हिस्सा बन गया। नगर पालिका सभासद सुनीता सैनी ने कहा कि जीर्णोद्धार पुराने ढांचे को नया स्वरूप देने के साथ नई पीढ़ी को स्थानीय विरासत, पानी के महत्व और जल संरक्षण से जोड़ने का माध्यम है। वहीं, नगर पालिका डोईवाला अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि पुराने जलस्रोतों का संरक्षण अतीत को सहेजने के साथ भविष्य के लिए जल और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी मजबूत करता है।
इस दौरान सभासद प्रतिनिधि अवतार सिंह सैनी, गजेन्द्र चौहान, अवतार सिंह, लच्छीराम लोधी, रामचंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *