आंध्र प्रदेश के कुरनूल में लॉरी और टैंकर की आमने-सामने टक्कर, बच्ची समेत 8 तीर्थयात्रियों की मौत

Spread the love

कुरनूल, आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। यहां तीर्थयात्रियों से भरी एक लॉरी की टैंकर से टक्कर हो गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हुई है। हादसा मंत्रालयम मंडल में चिलाकलाडोना के पास हुआ है। यह कर्नाटक-आंध्र प्रदेश सीमा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 167 पर है। हादसे में 12 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। करीब 5 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य की अस्पताल में मौत हुई।
पुलिस ने बताया कि लॉरी में सवार सभी तीर्थयात्री कर्नाटक के चिक्कमगलुरु के रहने वाले थे। वे राघवेंद्र स्वामी के दर्शन के लिए मंत्रालयम गांव जा रहे थे। तभी तड़के रेडी-मिक्स टैंकर सामने से आ गया और उसकी लॉरी से टक्कर हो गई। दुर्घटना के समय लॉरी में 21 लोग सवार थे। मृतकों में 5 महिलाएं, एक 3 वर्षीय बच्ची और 2 पुरुष शामिल हैं। घटना के पीछे चालकों की लापरवाही बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि टक्कर के बाद लॉरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें बैठे कई यात्री बुरी तरह घायल हुए हैं। सभी को एम्मिगनूर सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के समय टैंकर बीदर से तुमकुरु की ओर जा रहा था, जबकि तीर्थयात्रियों का वाहन दर्शन के लिए मंत्रालयम गांव की ओर जा रहा था। टक्कर के बाद टैंकर भी पलट गया। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *