हल्द्वानी। नैनीताल जिले की होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया शनिवार से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम हल्द्वानी में शुरू हो गई है। भर्ती के पहले दिन अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता का परीक्षण किया गया। इसमें उनकी लंबाई-चौड़ाई नापने के साथ ही दौड़, लंबी कूद और बॉल थ्रो जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इस प्रक्रिया के लिए पहले दिन कुल 200 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 153 अभ्यर्थी मैदान में पहुंचे। कड़ी शारीरिक परीक्षा के बाद 88 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की, जबकि 65 अभ्यर्थी असफल रहे। भर्ती बोर्ड के अध्यक्ष एलएम जोशी की देखरेख में पूरी प्रक्रिया को निष्पक्षता से संपन्न कराया गया।
इस मौके पर भर्ती बोर्ड की सदस्य व उपजिलाधिकारी लालकुआं रेखा कोहली, सीओ विमल प्रसाद, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अरुण चौहान सहित होमगार्ड के कई जवान तैनात रहे। अधिकारियों ने साफ किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और तय मानकों के तहत की जा रही है, जो आगे भी इसी तरह नियमानुसार जारी रहेगी।