देहरादून, पुलिस लाइन देहरादून में बुधवार को 09 माह का गहन प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 15 प्रशिक्षु आरक्षियों की पासिंग आउट सेरेमनी आयोजित की गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी आरक्षियों का उत्साहवर्धन किया। इन प्रशिक्षु आरक्षियों का प्रशिक्षण 17 नवंबर 2025 से शुरू हुआ था। नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद सभी प्रशिक्षु पुलिस की मुख्यधारा में शामिल हुए। इस अवसर पर एसएसपी देहरादून ने उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कानून से लेकर शस्त्र और फील्ड प्रशिक्षण तक मिली जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान आरक्षियों को अंत:कक्ष प्रशिक्षण के तहत भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, विभिन्न अधिनियम, भारतीय संविधान, पुलिस एवं समाज, मानव व्यवहार एवं मनोविज्ञान, व्यक्तित्व विकास, अपराध शास्त्र, थाना अभिलेख, पुलिस संगठन एवं प्रशासन तथा पुलिस रेगुलेशन सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई।
वहीं बाह्य कक्ष प्रशिक्षण में पदादि प्रशिक्षण, शस्त्र प्रशिक्षण, फील्ड क्राफ्ट, पुलिस प्रशिक्षण, पीटी/पीई, योग एवं यूएसी आदि का प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
अंजुम निशा और फैज
आलम का उत्कृष्ट प्रदर्शन
प्रशिक्षण के दौरान रिक्रूट महिला आरक्षी अन्जुम निशा ने अंत:कक्ष परीक्षाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रिक्रूट आरक्षी फैज आलम ने बाह्य कक्ष परीक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त किया।फैज आलम को पूरे प्रशिक्षण के दौरान सर्वांग सर्वोत्तम कैडेट चुना गया। इसके साथ ही उन्हें परेड कमांडर की जिम्मेदारी भी दी गई।
प्रशिक्षण एवं परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को एसएसपी देहरादून ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए पीठ थपथपाई।
कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, समस्त आरटीसी स्टाफ, प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले आरक्षियों के परिजन एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।