‘खतरे’ के ऊपर यमुना: पुराना लोहे का पुल बंद, पुरानी दिल्ली स्टेशन से 14 ट्रेन परिवर्तित रूट से चली; कई रद्द
नई दिल्ली , एजेंसी। यमुना का जल स्तर बीती रात से खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इस खतरे को भापते हुए रेलवे ने पुराना लोहा पुल पर रेल यातायात का संचालन बंद कर दिया है। मंगलवार सुबह छह बजे से इस पुल से ट्रेनों का आवागमन बंद किया गया और परिवर्तित रूट से ट्रेन चलाई जा रही है। लोहा पुल बंद होने की वजह से पुरानी दिल्ली से संचालित होने वाली ट्रेन प्रभावित हो रही है। इस स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है, ज्यादातर लोकल ट्रेन के परिवर्तित रूट से चलने और निरस्त रहने की वजह से परेशानी बढ़ी है।
लगातार हो रही बारिश और हथिनी कुंड से यमुना में छोड़े जाने वाले पानी से दिल्ली स्थित यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। इसे देखते हुए रेलवे ने इस ब्रिज से गुजरने वाली सभी ट्रेनों को बंद कर दिया है। उधर, अन्य रेलवे स्टेशन से चलने वाली ट्रेन भी धीमी गति से चल रही है। रेलवे के अधिकारी अलर्ट मोड में है। रेलवे स्टेशन, वाशिंग यार्ड से ट्रेन सेवा सावधानी पूर्वक संचालित की जा रही है। आनंद विहार, नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली से संचालित होने वाली कुछ ट्रेनों के निरस्त होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ी हुई है। यात्रियों को निराश होकर स्टेशन से लौटना पड़ रहा है।