देश-विदेश

जम्मू कश्मीर में भाजपा के खिलाफ बदलाव की बयार, बनेगी एनसी-कांग्रेस गठबंधन सरकार : सचिन पायलट

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

उधमपुर , कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट रविवार को जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव में चुनावी जनसभा को संबोधित करने के लिए उधमपुर पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार को वोट देने की अपील की। साथ ही भाजपा पर जमकर हमला बोला। रैली के बाद मीडियाकर्मियों से उन्होंने कहा कि पूर्ण बहुमत से जम्मू कश्मीर में सरकार बनाने का दावा करना भाजपा का ख्याली पुलाव है। उन्होंने कहा, भाजपा समझ चुकी है कि राज्य में कांग्रेस और एनसी गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। एलजी के जरिए आप यहां पर शासन कर रहे थे लेकिन आपने राज्य के लिए क्या किया। यहां के लोगों को अपमानित कराकर उनका स्टेटहुड छीन लिया गया। यहां बदलाव की बयार देखने को मिल रही है। लोगों ने परिवर्तन का मन बना लिया है। पूरे देश में भाजपा के खिलाफ माहौल बनने लगा है और लोग अब कांग्रेस को बेहतर विकल्प मानने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि आज के समय में विपक्ष के लोगों की आवाज दबाने का काम किया जा रहा है। यहां पर भी कहीं न कहीं प्रशासन और सरकार की मिलीभगत है। राहुल और प्रियंका गांधी की रैलियों को बाधित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन इन बातों का जवाब देने की जिम्मेदारी अब जनता ने ले रखी है। मेरा मानना है कि जनता ऐसे लोगों को इस चुनाव में सबक सिखाकर एक नया संदेश देना चाहती है। जम्मू-कश्मीर के साथ हम हरियाणा में भी पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रहे हैं। जनता का आक्रोश इस बार भाजपा को भारी पडऩे वाला है।
वहीं, पीएम मोदी ने शनिवार को एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि यह चुनाव जम्मू-कश्मीर का भविष्य बनाने का चुनाव है। राज्य के लोग आतंकवाद, अलगाववाद और हिंसा की बजाय शांति, समृद्धि और अपने बच्चों के लिए उज्ज्वल भविष्य चाहते हैं। ऐसे में यहां भाजपा की सरकार बनाना जरूरी है। यहां की जनता कांग्रेस, नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और पीडीपी के तीन खानदानों से त्रस्त हैं। लोग फिर वही निजाम नहीं चाहते, जिसमें भ्रष्टाचार हो, नौकरियों में भेदभाव हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!